बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट का हाई टेंशन तार खेत में गिरने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय BJP विधायक केतकी सिंह मौके पर पहुंचीं और बिजली विभाग के एक्सईएन को बांह पकड़कर घसीटते हुए घटनास्थल ले गईं।
बलिया जिले के बांसडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुरवा गांव में गुरुवार सुबह यह हादसा हुआ। खेत में पानी भरा होने के कारण हाई टेंशन तार गिरने से पहले बेटे राजेश यादव करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने पहुंचे पिता जनार्दन यादव भी करंट लगने से जान गंवा बैठे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तार अचानक गिर गया, जिससे खेत में पानी के संपर्क में आने पर करंट फैल गया। दोनों ही मौके पर ही मौत हो गई।
विधायक केतकी सिंह का गुस्सा
हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय BJP विधायक केतकी सिंह घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने बिजली विभाग के एक्सईएन पंकज भारती की बांह पकड़कर उन्हें घसीटा और मौके पर ले जाकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
View this post on Instagram
विधायक ने कहा कि बिजली विभाग को बार-बार शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन कोई सुधार नहीं किया गया। जिसकी वजह से यह बड़ा हादसा हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित परिवार की दयनीय स्थिति
दर्दनाक हादसे के बाद विधायक केतकी सिंह पीड़ित परिवार के घर भी पहुंचीं। वहां रोती हुई महिला को गले लगाकर उन्होंने ढांढस बंधाया। परिवार की स्थिति बेहद दयनीय है। पहले मां की मौत हो चुकी थी, अब पिता और बेटे के जाने के बाद परिवार में सिर्फ एक बेटी बची है।
ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने तत्काल कार्रवाई की मांग की।
बिजली विभाग की प्रतिक्रिया
बिजली विभाग के एसी प्रदीप वर्मा ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है।
यह घटना बिजली विभाग की लापरवाही और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाने वाली है। बलिया समेत पूरे पूर्वांचल में बिजली संबंधी शिकायतें आम हैं, लेकिन इस तरह के हादसे लोगों में आक्रोश पैदा कर रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है। पीड़ित परिवार को हर संभव मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया गया है।