Ballia News Today। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में रविवार की रात पुलिस की चेकिंग के दौरान दो कथित गोवंश तस्करों से मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।
बलिया के बांसडीहरोड थाना पुलिस ने रविवार की रात गोवंश तस्करी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की रात करीब 2:35 बजे बांसडीहरोड थाना पुलिस तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति छाता गांव से एक गोवंश को चोरी-छिपे बांसडीहरोड की ओर ले जा रहे हैं।
पुलिस को मिली थी मुखबिर की सूचना
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि इस दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया।
मुठभेड़ में एक आरोपी घायल
घायल आरोपी की पहचान कयामुद्दीन उर्फ राजू पुत्र निजामुद्दीन निवासी इस्लामाबाद काजीपुरा, थाना कोतवाली, बलिया के रूप में हुई है। उसकी दाहिने पैर में गोली लगी है।
दूसरे आरोपी दीपक अंसारी पुत्र नसरुद्दीन निवासी अहमदपट्टी, थाना रसड़ा, बलिया को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद
पुलिस के अनुसार, घायल कयामुद्दीन के कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पूछताछ में उसने गोवंश को वध के उद्देश्य से ले जाने की बात स्वीकार की है।
दूसरे आरोपी दीपक अंसारी के कब्जे से एक चाकू बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।
जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल आरोपी का इलाज जिला अस्पताल, बलिया में चल रहा है। एएसपी दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने पूरे इलाके में चेकिंग बढ़ा दी है। गोवंश तस्करी के मामलों पर सख्ती जारी रखने का संकेत अधिकारियों ने दिया है।