CJP ने JP नड्डा को सौंपी मांगें, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग

CJP ने JP नड्डा को सौंपी मांगें, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग

नई दिल्ली। NEET विवाद को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में सौरव दास और आशुतोष रांका शामिल थे।

दोनों नेताओं ने जेपी नड्डा को छात्रों की मांगों की सूची सौंपी। CJP ने दावा किया कि सरकार की ओर से खुद संपर्क किया गया था।

तीन प्रमुख मांगें सौंपीं

CJP प्रतिनिधियों ने जेपी नड्डा के समक्ष तीन मुख्य मांगें रखीं। पहली मांग सोनम वांगचुक को अस्पताल से छोड़ने की है। दूसरी मांग शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे या उन्हें पद से हटाने की है। तीसरी मांग नीट परीक्षा में आत्महत्या करने वाले छात्र के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजे की है।

मीटिंग के बाद सौरव दास ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा कि जेपी नड्डा ने मामले पर सही स्तर पर चर्चा का भरोसा दिया है। हालांकि, अभी तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है।

सोनम वांगचुक ने तोड़ी भूख हड़ताल

इस पूरे घटनाक्रम के बीच सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। इससे पहले वे NEET पेपर लीक और छात्रों के मुद्दों को लेकर आंदोलनरत थे।

अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान की बैठक

दूसरी ओर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के बीच करीब एक घंटे तक अहम बैठक हुई। सूत्रों के अनुसार बैठक में CJP के प्रदर्शन और छात्र आंदोलन की स्थिति पर चर्चा की गई। गृह मंत्री ने हालात का जायजा लिया।

जंतर-मंतर खाली कराया

CJP के संसद मार्च के बाद दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर चल रहे धरने को समाप्त कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शन स्थल को खाली करा लिया और वहां बैठे कार्यकर्ताओं को तितर-बितर कर दिया। संसद भवन के आसपास पहुंचने वाले प्रदर्शनकारियों को भी हटाया गया।

CJP कार्यकर्ताओं ने मार्च के दौरान लाठीचार्ज का सामना किया था। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को आगे बढ़ाने का फैसला किया है।

जेपी नड्डा के साथ हुई बैठक को छात्र आंदोलन के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल सरकार की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

CJP ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

pandayadhira

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *